ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में ईरानी राष्ट्रपति का आध्यात्मिक संदेश: जगद्गुरु सतीशाचार्य के चरण छूकर लिया आशीर्वाद
कहा—“धर्म का उद्देश्य मानवता की रक्षा”
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने न केवल अपने देश की नीतियों को दृढ़ता से प्रस्तुत किया, बल्कि धर्म और आस्था के प्रति भी गहरा सम्मान प्रदर्शित किया। इस दौरान उन्होंने धर्मगुरुओं, व्यापारियों और विद्वानों से मुलाकातें कीं। एक विशेष संवाद सत्र में उनका हिंदू धर्मगुरु जगद्गुरु सतीशाचार्य से मिलना खास रहा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पेजेश्कियन को जगद्गुरु सतीशाचार्य के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेते हुए देखा जा सकता है।
वायरल क्लिप में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है कि ईरानी राष्ट्रपति जगद्गुरु सतीशाचार्य से बातचीत करने के बाद विनम्रतापूर्वक झुककर उनके पैर छूते हैं और आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इस अवसर पर जगद्गुरु सतीशाचार्य ने धर्म के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में धर्म संसद के अध्यक्ष महामंडलेश्वर गोस्वामी सुशील जी महाराज और पतंजलि योग पीठ के आचार्य बालकृष्ण भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। जगद्गुरु सतीशाचार्य ने कहा कि सनातन धर्म पूरी मानवता को एकता का संदेश देता है और सभी को एक परिवार के रूप में देखता है। वहीं, पेजेश्कियन ने अपने संबोधन में कहा कि धर्म और धार्मिक शिक्षाओं का मुख्य उद्देश्य मानवता की रक्षा करना और न्यायपूर्ण व्यवस्था स्थापित करना है।
“सनातन धर्म सभी प्राणियों में सद्भावना का संदेश देता है”
जगद्गुरु सतीशाचार्य ने इस मौके पर कहा, “धर्म हमें सिखाता है कि सभी एक रहें। सनातन धर्म इसलिए विश्व का सबसे प्राचीन धर्म है क्योंकि यह केवल ‘धर्म की जय’ का संदेश देता है, न कि किसी विशेष धर्म की। यह सभी प्राणियों—अर्थात जिनमें भी जीवन है—उनमें सद्भावना और एकता का संदेश देता है।”
यूएई युवराज से भी हुई महत्वपूर्ण बैठक
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के इतर अबू धाबी के युवराज खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ भी पेजेश्कियन की बैठक हुई। हाल के महीनों में ईरान द्वारा अमेरिकी हमलों के जवाब में यूएई स्थित कई अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाए जाने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। ऐसे में यह बैठक विशेष महत्व रखती है। ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पर पुष्टि की कि “ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की।”