
अगर आपका नाम आयुष्मान भारत योजना की सूची में शामिल नहीं है, तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. उत्तर प्रदेश में इन दिनों पात्र लोगों को योजना से जोड़ने के लिए बड़े स्तर पर आयुष्मान कार्ड बनाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत आम लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा से जोड़ने की कोशिश की जा रही है.
स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुनहरे मौके का लाभ उठाएं और नजदीकी स्वास्थ्य कैंप में जाकर अपना आयुष्मान कार्ड जरूर बनवाएं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए हर साल ₹5 लाख तक की बड़ी सामाजिक स्वास्थ्य सुरक्षा मिलती है.
उत्तर प्रदेश में चल रहा है विशेष कार्ड अभियान
स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 15 मई से 14 अगस्त 2026 तक विशेष कार्ड बनाने का अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान पात्र लोगों का पंजीकरण किया जाएगा और छूटे हुए परिवारों को योजना से जोड़ा जाएगा. इस योजना के तहत अब 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों को भी आयुष्मान कार्ड का लाभ दिया जा रहा है. ऐसे वरिष्ठ नागरिक भी अपना कार्ड बनवाकर मुफ्त इलाज की सुविधा ले सकते हैं.








